Starbucks ने की बड़ी घोषणा: सैकड़ों स्टोर किए जाएंगे बंद, 900 कर्मचारियों की छंटनी

नई दिल्ली। दुनियाभर में प्रसिद्ध कॉफी चेन स्टारबक्स ने गुरुवार को अपने बिजनेस को मजबूत बनाने के लिए व्यापक री-स्ट्रक्चरिंग प्लान की घोषणा की। इस योजना के तहत कंपनी सैकड़ों स्टोर बंद करेगी और करीब 900 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। कंपनी के मुताबिक, इस प्रक्रिया पर लगभग एक अरब डॉलर का खर्च आएगा। यह कदम सीईओ ब्रायन निकोल के नेतृत्व में बिक्री बढ़ाने और मुनाफे को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कंपनी के बयान के अनुसार, इस महीने से ही सैकड़ों आउटलेट स्थायी रूप से बंद हो जाएंगे। ये बंद हो रहे स्टोर कुल स्टोर्स का मात्र 1% हैं। जून 2025 के अंत तक नॉर्थ अमेरिका में स्टारबक्स के 18,734 स्टोर थे, जो सितंबर के अंत तक घटकर 18,300 रह जाएंगे। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वे स्टोर बंद किए जा रहे हैं जो ग्राहकों और कर्मचारियों को अपेक्षित वातावरण प्रदान नहीं कर पा रहे और जिनसे वित्तीय लाभ की उम्मीद नहीं है।
इस कदम से लगभग 900 कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित होंगी। यह इस साल की दूसरी छंटनी है; फरवरी में पहले ही 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से हटाया गया था। प्रभावित कर्मचारियों को आकर्षक सेवरेंस पैकेज और सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, कई खाली पदों को भी बंद करने का फैसला लिया गया है।
स्टारबक्स की चुनौतियां बढ़ते खर्चों और घटती मांग से जुड़ी हैं। अमेरिका में महंगे बेवरेजेस की डिमांड में कमी आई है, जबकि चीन में कड़ी प्रतिस्पर्धा और कमजोर बाजार का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में कंपनी अपनी चाइनीज यूनिट में हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है।
इन फैसलों का असर कंपनी के शेयरों पर भी पड़ा है, जो इस साल अब तक 7.7% गिर चुके हैं। निवेशकों का भरोसा कमजोर होने से स्टारबक्स को सख्त कदम उठाने पड़े हैं।