रायपुर: तेलीबांधा में होटल, पब और क्लब अब रात 12 बजे के बाद बंद, सख्त नियम लागू

रायपुर: तेलीबांधा में होटल, पब और क्लब अब रात 12 बजे के बाद बंद, सख्त नियम लागू

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में स्थित होटल, बार, क्लब, पब और रेस्टोरेंट को अब रात 12 बजे के बाद बंद करना होगा। तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार को सभी व्यवस्थापकों को नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी। रात 12:30 बजे तक सभी प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद कराने के निर्देश हैं। इस दौरान डीजे या अन्य साउंड सिस्टम का उपयोग और कोई पार्टी या आयोजन प्रतिबंधित रहेगा। केवल फूड पार्सल सेवा की अनुमति होगी।

सिविल लाइन के सीएसपी रमाकांत साहू ने बताया कि प्रशासन ने रात 12 बजे तक इन प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा, किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से पहले थाने में सूचना देना अनिवार्य होगा, जिसमें डीजे का विवरण और अन्य जानकारी शामिल होनी चाहिए। आयोजकों को निजी सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।