दिल दहला देने वाली वारदात: कथित दूसरी पत्नी का हमला, महिला और बेटे की मौत, बेटी गंभीर
दुर्ग। शहर की एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक खौफनाक घटना सामने आई, जब एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है। एक अन्य बेटी ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान सरोजनी भारद्वाज के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरोजनी और बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के बीच संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कथित तौर पर दोनों ने दूसरी शादी भी की थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद वह दोबारा आई और इस बार उसने घातक हमला कर दिया।
हमले में रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी तानिया यादव को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर खुद को बचाया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भारी बल तैनात कर दिया गया। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह जानने की कोशिश जारी है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें जांजगीर-चांपा से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

admin 





