सचिन तेंदुलकर ने छिंदनार में की खेल क्रांति की शुरुआत, युवाओं को मिला मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड

सचिन तेंदुलकर ने छिंदनार में की खेल क्रांति की शुरुआत, युवाओं को मिला मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट 

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के ग्राम छिंदनार में क्रिकेट के महानायक Sachin Tendulkar ने मानदेशी फाउंडेशन के सहयोग से स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल परिसर में मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। यह पहल वनांचल क्षेत्र के युवाओं को खेल के माध्यम से नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण शुरुआत मानी जा रही है।

कार्यक्रम में Chetna Sinha सहित तेंदुलकर परिवार की उपस्थिति रही। उद्घाटन के बाद सचिन ने बच्चों के साथ वॉलीबॉल, दौड़, रस्साकशी और खो-खो जैसे खेलों में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया, जिससे पूरे मैदान में जोश और प्रेरणा का माहौल बन गया।

अपने संबोधन में सचिन तेंदुलकर ने कहा कि प्रतिभा के साथ अनुशासन और कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर बच्चा एक अनमोल हीरा है, जिसे सही मार्गदर्शन से तराशा जा सकता है, साथ ही खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।

फाउंडेशन के तहत क्षेत्र के करीब 50 गांवों में ऐसे ही खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, जहां क्रिकेट के साथ फुटबॉल और कबड्डी को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान बच्चों ने सचिन के आगामी जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्साह से गूंज उठा।

इस अवसर पर कलेक्टर Devesh Kumar Dhruv ने कहा कि बस्तर के बच्चों में अपार प्रतिभा है और ऐसे प्रयास उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करेंगे। यह पहल क्षेत्र के युवाओं को नई पहचान और मजबूत भविष्य देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।