बीटेक धारी शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, पुलिस ने किए 13 बाइक बरामद

बीटेक धारी शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, पुलिस ने किए 13 बाइक बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए एक बीटेक डिग्रीधारी शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी के कब्जे से चोरी के 13 वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब साढ़े 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और लगातार इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहा है। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसे आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सूचना-संग्रह माध्यमों से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। शहर के उन इलाकों को चिन्हित कर कार्रवाई तेज की गई, जहां वाहन चोरी की घटनाएं अधिक हो रही थीं।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, इन दिनों अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने शहर के विभिन्न इलाकों से 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 13 वाहन बरामद किए। जांच में सामने आया कि इनमें से 11 वाहनों की चोरी के मामले थाना सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती में पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल वर्मा (33 वर्ष), निवासी ग्राम बुडेरा, थाना खरोरा, वर्ष 2023 में भी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।