जंगल में सजी जुए की फड़ का वीडियो वायरल, एसएसपी ने टीआई और चालक को किया सस्पेंड
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुमेली घाट के जंगलों में बड़े स्तर पर चल रहे जुए के फड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इस गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर ने सख्त कार्रवाई करते हुए रामानुजनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा और आरक्षक (चालक) पंकज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बीते 5 और 6 अप्रैल को सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में रामानुजनगर के कुमेली घाट जंगल में बड़ी संख्या में लोग दांव लगाते हुए जुआ खेलते दिखाई दे रहे थे। चौंकाने वाली बात यह थी कि इस अवैध गतिविधि में पुलिस लाइन सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक (चालक) पंकज सिंह भी जुआ खेलते हुए साफ नजर आ रहा था।

टीआई की कार्यशैली पर उठे सवाल
एसएसपी द्वारा जारी आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि थाना क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर अवैध जुआ संचालित होना थाना प्रभारी की संलिप्तता या पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। आदेश के अनुसार, स्पष्ट निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण न रख पाना ‘कदाचरण’ की श्रेणी में आता है।
निलंबन और विभागीय जांच के आदेश
निरीक्षक अलरिक लकड़ा को अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोप में निलंबित कर रक्षित केंद्र (डीआरपी लाइन) सूरजपुर संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच के लिए बेनार्ड कुजूर (पु.अनु.अधि. प्रेमनगर) को नियुक्त किया गया है, जिन्हें 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

आरक्षक पंकज सिंह को पुलिस की छवि धूमिल करने और जुए में संलिप्तता के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच की जिम्मेदारी अशोक गिरी (रक्षित निरीक्षक सूरजपुर) को सौंपी गई है।

पुलिस विभाग में मची हलचल
इस कार्रवाई ने जिले के अन्य थाना प्रभारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार केवल गुजारा भत्ता दिया जाएगा।

admin 





