छत्तीसगढ़ में मई-जून में होंगे नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव
5 मई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, तैयारियों की समीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी मई-जून 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने की।
बैठक में सामान्य प्रशासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेते हुए चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
83 नगरीय और 1202 पंचायत पदों पर होंगे चुनाव
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नगरपालिकाओं में कुल 83 पदों (6 अध्यक्ष और 77 पार्षद) तथा त्रिस्तरीय पंचायतों में 1202 पदों (10 जनपद सदस्य, 82 सरपंच और 1110 पंच) के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। इसके लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य जारी है और अंतिम प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होगा।

कर्मचारियों की उपलब्धता और अवकाश के निर्देश
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देश दिए गए कि चुनाव के लिए पर्याप्त अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही आदर्श आचार संहिता के पालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और मतदान दिवस पर सामान्य अवकाश घोषित करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने को कहा गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सामान्य प्रेक्षकों की नियुक्ति के लिए अतिरिक्त अधिकारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर जोर
अजय सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्यवाही पूरी करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की गई।
ये रहे मौजूद
बैठक में आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव बसवराजू एस, संचालक पंचायत प्रियंका महोबिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

admin 





