एक ही पेड़ पर लटके मिले महिला और युवक के शव, इलाके में सनसनी 

एक ही पेड़ पर लटके मिले महिला और युवक के शव, इलाके में सनसनी 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला और युवक के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके हुए मिले हैं। यह मामला बलोद थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह खेत से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर सबसे पहले इन शवों पर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संतोषी यादव और 25 वर्षीय थलेश खरांशु के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों मृतक अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के गबदी गांव के निवासी थे। महिला शादीशुदा थी और उसका 19 वर्षीय बेटा भी है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि दोनों के बीच किसी प्रकार का संबंध रहा हो सकता है। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।