फाइल गायब होने पर युवक का अनोखा विरोध, अधिकारी के टेबल पर बिखेरे बादाम
बिलासपुर। बिलासपुर के तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक ने अपनी समस्या को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक तरुण साहू ने उप संपदा अधिकारी के टेबल पर बादाम बिखेरते हुए तंज कसा कि वह उनकी याददाश्त बढ़ाने के लिए बादाम लाया है, ताकि विभाग उसकी गुम हो चुकी फाइल को याद कर सके।
मामला नामांतरण प्रक्रिया से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, तरुण साहू ने करीब एक साल पहले रिसेल के माध्यम से ईडब्ल्यूएस श्रेणी का एक फ्लैट खरीदा था, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी उसे नामांतरण से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिल सके हैं। युवक का आरोप है कि विभागीय अधिकारी उसकी फाइल के गुम होने की बात कहकर लगातार टालमटोल कर रहे हैं।
युवक का कहना है कि वह पिछले एक साल से लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि उसकी फाइल नहीं मिल रही है। अधिकारियों के इस रवैये से परेशान होकर उसने विरोध का यह अनोखा तरीका अपनाया, ताकि उसकी समस्या पर ध्यान आकर्षित किया जा सके और जिम्मेदार अधिकारी सक्रिय हों।
इधर, इस मामले के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है। विभाग ने कार्यपालन अभियंता (प्रभारी संपदा अधिकारी) एलपी बंजारे और संबंधित कॉलोनी प्रभारी पूनम बंजारे, जो वरिष्ठ सहायक (प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक) के पद पर थीं, को आगामी आदेश तक उनके मूल पद पर मुख्यालय नवा रायपुर अटल नगर स्थित पर्यावास भवन की संपदा शाखा में संलग्न कर दिया है।
घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वहीं, यह अनोखा विरोध अब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसने सरकारी दफ्तरों में लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

admin 





