मई के पहले सप्ताह से मिलेंगे IPL के टिकट
IPL
- रायपुर में मैच 10 और 13 को
- आठ को पहुंचेगी आरसीबी टीम
रायपुर। राजधानी में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। फैंस को अब बेसब्री से टिकटों का इंतजार है। जानकारी के अनुसार टिकटों की बिक्री मई के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है। अभी तक आरसीबी ने आठ दिन पहले अपने होमग्राउंड के टिकट बेचे हैं, इसलिए रायपुर का टिकट एक मई के बाद ही मिलेगा।
इन शानदार मुकाबलों के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आठ मई को रायपुर पहुंच सकती है। टीम यहां छह दिनों तक डेरा डालेगी। मैदान पर अभ्यास भी करेगी। मुंबई इंडियंस की टीम के भी आठ मई के बाद राजधानी पहुंचने की संभावना है। इस बार मैचों के लिए टिकटों की दरें लगभग तय कर ली गई हैं। आम दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरुआती टिकट की कीमत 2000 रुपए रखी गई है । इसके अलावा अलग-अलग स्टैंड्स के लिए 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपए तक की श्रेणियां हो सकती हैं। दर्शकों को टिकट आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन खरीदना होगा।
रायपुर के क्रिकेट फैंस को इस बार दो बेहद हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे। 10 मई को पहली भिड़ंत आईपीएल की दो सबसे चर्चित टीमों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगी। इसके बाद 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। ये दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को प्राइम टाइम में क्रिकेट का पूरा रोमांच देखने को मिलेगा।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में दिखेगा स्टैंड का नजारा
टिकट बिक्री को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए इस बार एक नई व्यवस्था लागू की गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड की तरह रायपुर में भी दर्शकों को टिकट बुक करते समय स्टैंड की फोटो देखने की सुविधा देगा। अब ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट खरीदते समय दर्शकों को यह पता चल सकेगा कि उनकी सीट स्टेडियम के किस हिस्से में है और वहां से मैदान का नजारा कैसा दिखेगा। दर्शक कीमत के साथ-साथ सीट की लोकेशन जांचने के बाद ही टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा, इस बार दर्शकों को राहत देते हुए ऑफलाइन टिकट खरीदने के झंझट को भी पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।

admin 





