इंस्टाग्राम पर हनीट्रैप: मामा से पैसे मांगे, नहीं मिले तो बेटे को मोहब्बत के जाल में फंसाकर किया अपहरण, 1 करोड़ की मांगी फिरौती, पूरा गैंग गिरफ्तार 

इंस्टाग्राम पर हनीट्रैप: मामा से पैसे मांगे, नहीं मिले तो बेटे को मोहब्बत के जाल में फंसाकर किया अपहरण, 1 करोड़ की मांगी फिरौती, पूरा गैंग गिरफ्तार 

दुर्ग। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए एक नाबालिग युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उसका अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने युवक को अगवा कर उसके पिता से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के खतरनाक दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय साहू ने अपने रिश्तेदार ठेकेदार मामा से पैसे मांगे थे। जब मना कर दिया गया, तो उसने बदला लेने की साजिश रच डाली। संजय ने अपने साथी कृष्णा साहू उर्फ करण (मास्टरमाइंड) और महिला हेमपुष्पा साहू के साथ मिलकर ठेकेदार के बेटे की इंस्टाग्राम पर दोस्ती करवाई। बातचीत के जरिए भरोसा जीतने के बाद युवक को अमलेश्वर के तिरंगा चौक पर मिलने बुलाया गया।

जैसे ही युवक तय स्थान पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे जबरन पकड़कर सेंट्रो कार में बैठा लिया। इसके बाद इंस्टाग्राम चैट के आधार पर उसे डराया-धमकाया गया और उसी से उसके पिता को फोन कर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगवाई गई। वारदात के बाद आरोपी युवक को लेकर धमतरी की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस और अमलेश्वर थाना की टीम ने तेजी से कार्रवाई की। तकनीकी इनपुट के आधार पर लोकेशन ट्रैक कर धमतरी पुलिस की मदद से गोपनीय छापेमारी की गई, जहां से युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने संजय साहू, हेमपुष्पा साहू, कृष्णा साहू उर्फ करण, रविंद्र लहरे और शैलेंद्र लहरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने इस मामले को सोशल मीडिया के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।