JEE Main Result 2026: सेशन 2 का रिजल्ट जारी, 26 छात्रों ने हासिल किया 100 परसेंटाइल

JEE Main Result 2026: सेशन 2 का रिजल्ट जारी, 26 छात्रों ने हासिल किया 100 परसेंटाइल

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 के सेशन 2 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in और nta.ac.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने एप्लीकेशन नंबर/एडमिट कार्ड डिटेल्स की आवश्यकता होगी।

इस बार कुल 26 छात्रों ने 100 परसेंटाइल स्कोर करते हुए टॉप रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि ये टॉपर्स देश के 11 अलग-अलग राज्यों से आते हैं, जिससे परीक्षा में व्यापक प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

26 छात्रों ने हासिल किया 100 परसेंटाइल

NTA के अनुसार, 100 परसेंटाइल पाने वाले 26 उम्मीदवारों में से 12 छात्र सेशन 1 और 14 छात्र सेशन 2 से हैं। कैटेगरी के आधार पर इनमें 24 छात्र जनरल वर्ग, 1 EWS और 1 OBC-NCL वर्ग से हैं। जिन उम्मीदवारों ने दोनों सेशन में परीक्षा दी थी, उनके लिए फाइनल रैंक तैयार करते समय दोनों में से बेहतर स्कोर को मान्य किया जाएगा।

इससे पहले एजेंसी ने फाइनल आंसर-की जारी करते हुए दो प्रश्नों को हटा दिया था।

राज्यवार टॉपर्स का आंकड़ा

100 परसेंटाइल स्कोर करने वाले छात्रों में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से सबसे अधिक 5-5 छात्र हैं। इसके अलावा राजस्थान से 3, दिल्ली और महाराष्ट्र से 2-2, जबकि हरियाणा, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, चंडीगढ़ और ओडिशा से 1-1 छात्र शामिल हैं।

अब शुरू होगी JoSAA काउंसलिंग

JEE Main का रिजल्ट जारी होने के बाद अब जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करेगी। यह काउंसलिंग कुल 6 चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से NIT, IIIT, IIEST और GFTI जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड (CSAB) अतिरिक्त राउंड आयोजित करेगा।

JEE Advanced के लिए पात्रता

JEE Main 2026 में सफल टॉप 2.5 लाख उम्मीदवार JEE Advanced 2026 में शामिल होने के पात्र होंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू होकर 2 मई तक चलेगी, जबकि परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी।