ओवरटेक को लेकर बवाल: विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव से सरेआम मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

ओवरटेक को लेकर बवाल: विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव से सरेआम मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के तोरवा इलाके में एक मामूली सड़क विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव तारणीश गौतम के साथ बीच सड़क गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर वाहन को जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, तोरवा पावर हाउस चौक निवासी तारणीश गौतम उस समय अपनी निजी कार से विश्वविद्यालय जा रहे थे, क्योंकि उनका ड्राइवर मौजूद नहीं था। इसी दौरान स्वास्तिक अस्पताल के पास फॉर्च्यूनर (CG 10 AT 0017) में सवार युवकों ने ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और बात गाली-गलौज से आगे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। बीच सड़क हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरटीओ से मिली जानकारी के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की।

जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर वाहन मालिक का साला लाखन सिंह अपने मित्र जयप्रकाश राठौर के साथ शहर में घूम रहा था, तभी यह विवाद हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने मस्तूरी क्षेत्र के भदौरा गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों—लाखन सिंह (32) और जयप्रकाश राठौर (29) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।