दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन, फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर

Bharat Kapoor

दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन, फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन हो गया है। उन्होंने सोमवार (27 अप्रैल) को मुंबई के सायन अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है। देर शाम परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके करीबी मित्र और अभिनेता अवतार गिल ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। बताया गया है कि 30 अप्रैल को उनकी प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।

भरत कपूर हिंदी सिनेमा का एक जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं, जिन्होंने 1970, 80 और 90 के दशक में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई। उन्होंने वर्ष 1972 में अपने करियर की शुरुआत की और इसके बाद चार दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहे। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई तरह के किरदार निभाए, चाहे वह छोटा रोल हो, सहायक भूमिका हो या खलनायक का चरित्र, हर भूमिका में उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी।

अपने करियर के दौरान उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया, जिनमें नूरी, राम बलराम, लव स्टोरी, बाजार, गुलाम, आखिरी रास्ता, सत्यमेव जयते, स्वर्ग, खुदा गवाह, रंग, बरसात और साजन चले ससुराल जैसी फिल्में शामिल हैं।

फिल्मों के अलावा उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। वे कैम्पस, परंपरा, राहत, सांस, अमानत, भाग्य विधाता और कहानी चंद्रकांता की जैसे धारावाहिकों में अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ा।

भरत कपूर का जाना फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके योगदान और अभिनय को लंबे समय तक याद किया जाएगा।