जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, अब घर बैठे ऑनलाइन ‘स्व-गणना’ की सुविधा
नई दिल्ली/रायपुर। देश में डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू हो गया है। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह आधुनिक और आसान बनाया गया है। अब नागरिकों को सरकारी कर्मचारियों के घर आने का इंतजार करने या कागजी फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वे घर बैठे ही ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत नागरिकों को ऑनलाइन फॉर्म में कुल 34 सवालों के जवाब देने होंगे। इन सवालों में परिवार की आर्थिक स्थिति, शिक्षा स्तर, रोजगार की जानकारी, और परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी अहम जानकारियां शामिल हैं। प्रक्रिया की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए इसे गूगल मैप से जोड़ा गया है, जिससे घर की सही लोकेशन दर्ज की जा सके।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
सबसे पहले नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर या ईमेल के जरिए लॉगिन करना होगा। OTP सत्यापन के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके बाद परिवार के मुखिया की जानकारी भरते हुए गूगल मैप पर अपने घर का सटीक स्थान चिन्हित करना होगा।
अगले चरण में परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित सामाजिक और आर्थिक जानकारी भरनी होगी। सभी विवरण दर्ज करने के बाद फॉर्म को सबमिट करना होगा, जिसके बाद एक यूनिक ‘एसई आईडी’ (SE ID) जनरेट होगी। यह आईडी भविष्य में डेटा एक्सेस और संशोधन के लिए उपयोगी रहेगी।
सरकार का मानना है कि इस डिजिटल पहल से जनगणना प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक बनेगी, साथ ही लोगों की भागीदारी भी पहले से अधिक बढ़ेगी।

admin 





