बिहार में सियासी बदलाव: नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री
पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। उन्हें भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता घोषित किया गया, जिससे अब बिहार की सत्ता की कमान उनके हाथों में आ जाएगी।
राजनीतिक घटनाक्रम के तहत नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा। इस दौरान वह सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ एक ही वाहन में राजभवन पहुंचे, जिसे राज्य में बदलती राजनीतिक समीकरणों का संकेत माना जा रहा है।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नई सरकार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि अब नई सरकार राज्य का काम संभालेगी और उन्हें उनका पूरा सहयोग मिलेगा। साथ ही उन्होंने बिहार के विकास को लेकर आशा जताई कि आने वाले समय में राज्य और आगे बढ़ेगा।
इस बीच, एनडीए की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाने के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को लोक भवन में आयोजित समारोह में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के भी शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।
नई सरकार के गठन को लेकर यह उम्मीद की जा रही है कि इससे बिहार के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और राज्य में राजनीतिक स्थिरता कायम होगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

admin 





