मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
चैत्र नवरात्र पर बगिया में मां दुर्गा की स्थापना
मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा स्वरूप नव कन्याओं को भोजन कराया
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने गृह निवास बगिया में चैत्र शुक्ल पक्ष रामनवमी के पावन अवसर पर परिवार सहित विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ मां दुर्गा स्वरूप नन्हीं नव कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया।
मुख्यमंत्री निवास बगिया में चैत्र नवरात्र के अवसर पर रामनवमी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 25 मार्च से प्रारंभ इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल होकर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

25 मार्च से प्रारंभ रामनवमी महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता
कार्यक्रम के अंतर्गत 25 मार्च को सप्तमी के दिन कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना, हवन, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। 26 मार्च को अष्टमी पर पूजन, हवन, प्रवचन और भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। 27 मार्च को नवमी के अवसर पर नवकन्या पूजन, पूर्णाहुति, आरती एवं धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। वहीं 28 मार्च को दशमी के दिन सहस्त्र स्नान, मूर्ति विसर्जन और प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। पूरे कार्यक्रम का संचालन स्वामी धनपति पंडा महाराज (गुरुधाम मुंडियापानी, लैलूंगा, रायगढ़) के सान्निध्य में किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि चैत्र नवरात्रि में यह महायज्ञ वर्ष 1993 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रमुख प्रतीक बन चुका है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भक्ति संगीत, कथा-प्रवचन और विविध धार्मिक अनुष्ठानों से बगिया का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

admin 




