Breaking News: जशपुर में ‘प्लेन क्रैश’ की खबर निकली अफवाह, प्रशासन की जांच में नहीं मिला कोई सबूत

Breaking News: जशपुर में ‘प्लेन क्रैश’ की खबर निकली अफवाह, प्रशासन की जांच में नहीं मिला कोई सबूत

जशपुर। जिले से सामने आई कथित विमान दुर्घटना की खबर आखिरकार पूरी तरह अफवाह साबित हुई है। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैली इस खबर ने लोगों में दहशत पैदा कर दी थी, लेकिन जिला प्रशासन की विस्तृत जांच में किसी भी प्रकार के प्लेन क्रैश की पुष्टि नहीं हुई है।

दरअसल, सोमवार दोपहर अचानक यह खबर वायरल होने लगी कि जशपुर के आरा पहाड़ क्षेत्र में एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में पहाड़ी इलाके से धुआं उठता दिखाई दे रहा था, जिसके बाद इसे विमान हादसे से जोड़कर देखा जाने लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। आरा पहाड़ इलाके में ड्रोन के जरिए भी सर्च ऑपरेशन किया गया, ताकि किसी संभावित दुर्घटना के साक्ष्य जुटाए जा सकें।

हालांकि, गहन जांच के बाद भी घटनास्थल पर किसी भी तरह के विमान हादसे के कोई निशान या सबूत नहीं मिले। इसके अलावा प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से भी संपर्क किया। एटीसी ने स्पष्ट किया कि संबंधित क्षेत्र में किसी भी प्राइवेट जेट या हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने या दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई जानकारी दर्ज नहीं है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर एक हेलीकॉप्टर के नीचे उड़ने की तस्वीर और पहाड़ी क्षेत्र से उठते धुएं का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे गलत संदर्भ में जोड़कर प्लेन क्रैश की अफवाह फैलाई गई। फिलहाल प्रशासन वायरल फोटो और वीडियो की सत्यता की जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये सामग्री कहां की है और किस उद्देश्य से साझा की गई।