मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान के प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य मुलाकात, निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास पर चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जापान के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान, मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने जापान से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राज्य में निवेश की बढ़ती संभावनाओं, राज्य सरकार की उद्योगोन्मुखी नीतियों और औद्योगिक विस्तार के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है, और जापान जैसे तकनीकी दृष्टि से अग्रणी देश की विशेषज्ञता राज्य के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान की तकनीकी दक्षता और उन्नत पद्धतियों का उपयोग छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकता है। साथ ही, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के निवेश और सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, और राज्य का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से विकसित होगा।
जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति की सराहना की और इसे निवेश के लिए एक अनुकूल एवं पारदर्शी वातावरण बनाने के रूप में देखा। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी व्यक्त किया कि वे राज्य में अपने निवेश को और बढ़ाने के इच्छुक हैं, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक और औद्योगिक संबंध और भी प्रगति कर सकें।
इस बैठक में विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफसेनल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान भी उपस्थित थे।

admin 





