Raipur Breaking: नाबालिग को सुला दिया मौत की नींद, परिजनों ने घेरा सिविल लाइंस थाना
Raipur Crime
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर चाकूबाजी की घटना से दहल गई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 16 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कुश बाघ के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर न्याय की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला में कुछ आरोपियों ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कुश बाघ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना फैलते ही परिजन बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाने पहुंचे और घेराव कर विरोध जताया।
स्थिति को संभालने के लिए डीएसपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों का खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।

admin 





