पत्नी के जाने से आहत पति ने प्रेमी के घर के सामने फांसी लगाई, इलाके में सनसनी
Suicide
बालोद। जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी के घर छोड़कर जाने से आहत एक व्यक्ति ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पत्नी के प्रेमी के घर के सामने फांसी लगाकर जान दे दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किलेपार (रनचिरई) निवासी 42 वर्षीय परमानंद यादव की पत्नी कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस घटना से परमानंद गहरे मानसिक तनाव में था और पिछले तीन दिनों से वह पत्नी को मनाकर वापस लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पत्नी ने लौटने से साफ इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद परमानंद यादव अपनी पत्नी के प्रेमी के गांव चौरेल (अर्जुन्दा) पहुंचा। रविवार सुबह उसका शव प्रेमी के घर के सामने पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शव को इस स्थिति में देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अर्जुन्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से आहत होकर परमानंद ने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए जाने बाकी हैं और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

admin 





