जादू-टोने से परिवार बरबाद होने के शक में बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, युवक गिरफ्तार 

जादू-टोने से परिवार बरबाद होने के शक में बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, युवक गिरफ्तार 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के एक दूरस्थ गांव में जादू-टोना के संदेह में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी को शक था कि महिला ‘टोनही’ है और उसके काले जादू के कारण उसका परिवार लगातार संकटों से गुजर रहा है।

घर की बाड़ी में काम करते समय किया हमला 
पुलिस के अनुसार, मृतका गांव में अकेली रहती थी। रविवार सुबह वह अपने घर की बाड़ी में काम कर रही थी, तभी आरोपी छंदनु राम वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आरोपी ने कुल्हाड़ी से महिला के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

आरोपी बोला- परिवार पर पड़ रहा था बुरा असर 
घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश में था, लेकिन ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूलते हुए बताया कि उसके परिवार के लोग अक्सर बीमार रहते थे और मवेशियों की भी मौत हो रही थी। उसे लंबे समय से शक था कि महिला जादू-टोना कर रही है। कई बार समझाने के बाद भी जब हालात नहीं बदले, तो उसने यह कदम उठा लिया। मृतका की पहचान फूलमईत बाई के रूप में हुई है।

इलाके में दहशत, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई 
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।