किरंदुल में चुनावी बिगुल, व्यापारी एकता पर सबकी नजरें

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
किरंदुल। बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ किरंदुल में इस बार चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। संगठन ने साफ कर दिया है कि पदाधिकारियों का चयन केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव के माध्यम से होगा।
संघ के वर्तमान अध्यक्ष मनोज छत्रीवाल ने अब तक सर्वसम्मति से संगठन का नेतृत्व किया, लेकिन इस बार व्यापारियों ने साफ कहा है कि नए नेतृत्व का चयन केवल मतदान प्रणाली से ही होगा। संघ ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी बाहरी दबाव या विभाजनकारी ताकतों से प्रभावित नहीं होगा।
15 सितम्बर को मतदान :
संघ का द्विवार्षिक चुनाव आगामी 15 सितम्बर को मतदान प्रणाली से होगा। इसके लिए चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें बंटा अरोरा, शेख सागर, विजय सोढ़ी, आरसी नाहक, रविंद्र सोनी, विप्लव मलिक, शैलेंद्र सिंह, आज़ाद सक्सेना, तपन दास और राजेंद्र सक्सेना को सदस्य बनाया गया है।
चुनाव संचालन समिति के अनुसार, 5 सितम्बर से सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। 6 सितम्बर को पहली मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 8 सितम्बर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। 9 सितम्बर से नामांकन पत्र दाखिल होंगे। उसी दिन नामांकन वापसी और चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। 15 सितम्बर को मतदान होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।
व्यापारियों की एकता पर जोर :
बैठक में यह भी तय किया गया कि व्यापारी समाज की मजबूती और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए यह चुनाव बेहद अहम है। वरिष्ठ व्यापारियों ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता लेकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और संगठन को मजबूत करें।
इस चुनाव को लेकर पूरे नगर के व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। सभी की निगाहें 15 सितम्बर को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हुई हैं।