प्रदेश में बाढ़ का खतरा बढ़ा नौ जिलों के लिए अलर्ट,दंतेवाड़ा में नाव पलटी,बालोद-कवर्धा में हालात बिगड़े

रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश अब खतरे के निशान तक पहुंच गई है। मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों में बाढ़ की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है जबकि 13 जिलों में अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। जिन जिलों में बाढ़ की आशंका जताई गई है, वे बलरामपुर, बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, कोरिया, महासमुंद, रायपुर और सूरजपुर हैं। वहीं 13 जिलों, विशेषकर मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की रफ्तार अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। लगातार बारिश का असर बालोद और कवर्धा जिलों में सबसे ज्यादा दिख रहा है। बालोद जिले में एक पुल बहने से कई गांव जिला मुख्यालय से कट गए हैं। कवर्धा में ग्रामीण सड़कों पर कीचड़ और दलदल से परेशान होकर खुद फावड़े लेकर रास्ता साफ करने में जुट गए हैं। लोगों को अब जरूरी कामों के लिए भी घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। बारिश का यह सिलसिला थमा नहीं तो कई और इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। ग्रामीण इलाकों में संचार, यातायात और बिजली जैसी सुविधाएं पहले ही बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं।
दंतेवाड़ा में नाव पलटी
बुधवार को दंतेवाड़ा जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक में एक लकड़ी की नाव (डोंगी) नदी पार करते वक्त पलट गई। यह नाव साप्ताहिक बाजार से लौट रहे ग्रामीणों से भरी हुई थी। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक युवक नदी के बीच चट्टान पर फंसा रह गया था। बाढ़ बचाव दल मौके के लिए रवाना किया गया है, लेकिन घटनास्थल पर खतरा बना हुआ है।
कई इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी
प्रदेशभर में सावन की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ होगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। प्रदेश में अगले 24 घंटे में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ छीटें पडऩे की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात और भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर संभाग दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के जिले संभावित है।