नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट

दंतेवाड़ा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के महत्व को लेकर विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ आज नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना कर किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि 11 जुलाई से 18 जुलाई तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान जिलेभर में विभिन्न माध्यमों से जनसंख्या नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसमें बैनर, पोस्टर, ऑडियो संदेशों और प्रचार रथों के जरिए जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अस्थाई परिवार नियोजन साधनों – कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, निरोध (कंडोम) एवं छाया टैबलेट का वितरण किया जाएगा। यह साधन दंपत्तियों को बच्चों के जन्म में उचित अंतर रखने में मदद करेंगे। साथ ही, जो हितग्राही अपनी इच्छा से स्थायी साधन (नसबंदी) को अपनाना चाहते हैं, उन्हें भी समुचित सुविधा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. रामटेके ने यह भी जानकारी दी कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में ये अस्थाई साधन उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इसके अलावा स्थानीय समुदायों में विशेष जागरूकता शिविर, परामर्श सत्र और प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल जनसंख्या स्थिरीकरण है, बल्कि लोगों को यह संदेश देना है कि “माँ बनने की सही उम्र वही है, जब शरीर और मन दोनों इसके लिए पूरी तरह तैयार हों। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी, तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद थे।