प्रदेश के किसानों, जवानों के हक के लिए मील का पत्थर साबित होगी सभा : दीपक बैज*

7 जुलाई को साइंस कॉलेज मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन के महामंत्री केसी वेणुगोपाल सभा को करेंगे संबोधित
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज राजीव भवन में पत्रकारवार्ता ली। दीपक बैज ने कहा कि 7 जुलाई को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन के महामंत्री केसी वेणुगोपाल सभा को सम्बोधित करेंगे। इस सभा का लक्ष्य छत्तीसगढ़ सहित देशभर में किसानों,जवानों की आवाज उठाना है। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जिस प्रकार से संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को स्वायत्तता पर प्रहार किया जा रहा है। उनको जनता तक ले जाना है। इस सभा मे 25000 से अधिक लोग प्रदेश भर से शामिल होंगे। 7 जुलाई को राजधानी रायपुर में होने वाली किसान, जवान, संविधान सभा ऐतिहासिक होगी। यह सभा देश के वंचित वर्गों की आवाज को बुंलद करने आयोजित की गई है।
दीपक बैज ने कहा कि राजधानी रायपुर में होने वाली सभा पूरे प्रदेश के किसानों, जवानों के हक के लिए मील का पत्थर साबित होगी। हम पूरी ताकत लगाकर सभा को सफल बनाने में जुटे हैं। हमारे नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता जनता से प्रत्यक्ष मिलकर सभा में शामिल होने के लिए आग्रह कर रहे हैं। 25 हजार से अधिक कांग्रेसजन शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू,मलकीत सिंह गेदु,पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पीसीसी मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा मौजूद थे।