मानसून की बेरुखी : सिर्फ 55 मिमी वर्षा दर्ज

रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में चालू मानसून सीजन में अब तक 55 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। यह इसी अवधि की दस वर्षों की वार्षिक औसत वर्षा का मात्र 54 फीसदी है। इस अवधि में अब तक औसत 101 मिमी वर्षा हो जानी थी।
प्रदेश में मानसून की बेरूखी के कारण तहसीलों में धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुआई का काम प्रभावित हुआ है। धान की खुर्ग बुआई लगभग 70 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में हो पाई है जबकि इस खरीफ में 39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान बुआई का लक्ष्य रखा गया है। अल्प व खंडवर्षा से परेशान किसान अब अच्छी बारिश का इंतजार रहे हैं ताकि खरीफ फसलों की बुआई के कार्य में तेजी लाई जा सके।
राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक प्रदेश के 33 जिलों में से पांच जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। नारायणपुर जिले में केवल 8.6 फीसदी औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह अन्य कई जिलों में 50 फीसदी से भी कम बारिश हुई है। केवल सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया व रायगढ़ में औसत से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है।