उत्तर छत्तीसगढ़ में चल रही बर्फीली हवा : सरगुजा में और गिरेगा रात का तापमान

उत्तर छत्तीसगढ़ में चल रही बर्फीली हवा : सरगुजा में और गिरेगा रात का तापमान
अंबिकापुर (चैनल इंडिया)। पश्चिमोत्तर की बर्फीली हवाओं के प्रभाव से एक बार फिर पारा में गिरावट होने के साथ ही कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है। उत्तर भारत में सक्रिय विक्षोभ के कमजोर पडऩे के बाद एक बार फिर उत्तर एवं पश्चिमोत्तर की बर्फीली हवाओं का प्रवाह शुरू हो गया है। मौसम विज्ञानी सर्द हवाओं के प्रभाव से एक बार फिर शहर सहित पूरे संभाग में कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना व्यक्त कर रहे है।
दिसम्बर के प्रारंभ से ही सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच उत्तर भारत में विक्षोभ के पछुआ विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पारा में आंशिक वृद्धि भी दर्ज की गई है। इसके बावजूद दिसम्बर की शुरूआत से ही पारा 6.0 डिग्री सेल्सियस के नीचे स्थिर है। उत्तर भारत में लगातार दो-तीन पछुआ विक्षोभ सक्रिय होने के बावजूद पश्चिमोत्तर की बर्फीली हवाओं के प्रवाह पर कोई असर नहीं पड़ा है। पिछले दो दिनों से शहरी क्षेत्रों में कोहरा से राहत है लेकिन मैदानी इलाकों में अभी भी लगातार कोहरा छा रहा है। कोहरा छंटने के बाद धूप की उष्मा बढ़ी है।
मौसम विज्ञानी अक्षय मोहन भट्ट ने बताया कि, उत्तर की बर्फीली हवाएं सबसे पहले ऊंचाई वाले पठारी क्षेत्रों को प्रभावित करती हैं और तापमान में तेज गिरावट होती है। धीरे-धीरे ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में फैलती हैं। जिससे पठारी क्षेत्रों के पारा में तेज गिरावट जबकि मैदानी इलाकों में पारा धीरे-धीरे गिरता है। इस बार भी पठारी क्षेत्रों में ठंड का अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है।