स्काउट हमें चुनौतियों से जूझना सिखाती है: सीएम

स्काउट हमें चुनौतियों से जूझना सिखाती है: सीएम
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का समापन
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि स्काउट जीवन जीने की एक पद्धति है, जो व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भर बनना, टीम भावना से कार्य करना और समाज के लिए समर्पित रहना सिखाती है। बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से पधारे रोवर-रेंजरों एवं स्काउट-गाइड्स का भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता शबरी की तपोभूमि छत्तीसगढ़ में आत्मीय अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही राज्य और देश का भविष्य हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक वाक्य उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए का उल्लेख करते हुए युवाओं को आत्मविश्वास और संकल्प के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत उपस्थित युवाओं को शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. के. के. खंडेलवाल द्वारा सिल्वर एलीफेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। भारतीय स्काउट-गाइड के राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. केके खंडेलवाल ने कहा कि स्काउटिंग का मूल मंत्र है। अपने कार्यों से दूसरों का भला करना। उन्होंने कहा कि परंपरा और आधुनिकता का संतुलन तथा सेवा-भाव ही एक सशक्त और विकसित राष्ट्र की नींव रखता है।
प्रदेशवासियों के लिए जारी होगा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर
बालोद जिले के दौरे से वापस लौटकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में सुशासन विभाग का गठन किया है। पारदर्शी और निष्पक्ष सरकार हम जनता को देंगे। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर जारी होगा। कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज कराएगा और उनकी समस्याओं का निराकरण होगा।