Raipur Crime : उधारी के पैसे नहीं लौटाने पर जानलेवा हमला, नाबालिग सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Raipur Crime : उधारी के पैसे नहीं लौटाने पर जानलेवा हमला, नाबालिग सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

धारदार चाकू से वार कर युवक को किया घायल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त

रायपुर। उधारी की रकम वापस नहीं मिलने से नाराज युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों और उनके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और करीब 70 हजार रुपए कीमत की स्कूटी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार तुलसी नेवरा निवासी दुर्गेश धृतलहरे से पूर्व में दी गई उधारी रकम की मांग को लेकर आरोपी उसके घर पहुंचे थे। देर रात आरोपी और उनका नाबालिग साथी हाथों में चाकू लेकर दुर्गेश के घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और चाकू से वार कर दुर्गेश की बाईं जांघ में गंभीर चोट पहुंचाई।

गिरफ्तार आरोपी इन्द्रा सांवरा (19), विजय ध्रुव (19),वेदनारायण यादव उर्फ वेदू (21) सभी निवासी तुलसी नेवरा एवं एक विधि से संघर्षरत बालक है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।

थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों और उनके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।