आज भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी

आज भारी से अतिभारी  बारिश की चेतावनी

रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेशभर में मानसून की अच्छी बारिश हो रही है। अब तक कम वर्षा की मार झेल रहे दुर्ग में 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। दुर्ग में 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, राजधानी रायपुर में सुबह तेज बारिश हुई। स्कूल के लिए निकले कई बच्चे पूरी तरह भीगे। दोपहर और शाम में बारिश हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रायपुर में आज भी वर्षा होगी। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में निम्न दाब के प्रभाव से एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी।11 जुलाई से वर्षा की तीव्रता कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे झारखंड के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है। एक द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर से गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित निम्न दाब के केंद्र तक, दक्षिण गुजरात, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडि़शा होते हुए 4.5 किमी से 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका पश्चिम असम से तेलंगाना तक, दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए 3.1 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में आज अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे तथा एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।