1 जून को भोंगापाल बुद्ध महोत्सव का होगा भव्य आयोजन : नीलकंठ टेकाम

1 जून को भोंगापाल बुद्ध महोत्सव का होगा भव्य आयोजन : नीलकंठ टेकाम

भोंगापाल में बनेगा छत्तीसगढ़ का प्रथम विशाल बुद्ध शांति पार्क 
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में बस्तर संभाग के कोंडागांव नारायणपुर जिले के अंतर्गत आने वाले भोंगापाल में राज्यस्तरीय बुद्ध महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। महोत्सव के आयोजक व विधायक केशकाल नीलकंठ टेकाम ने आज इस सम्बंध में रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह सहित क्षेत्र के सांसद,जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में महोत्सव का आयोजन होगा। 

विधायक टेकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ बस्तर में युद्ध नहीं बुद्ध की शांति के ऐतिहासिक पुरातात्विक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दृष्टिगत रखते हुए इस महोत्सव का राज्य  स्तरीय आयोजन किया जा रहा है। साथ ही अद्भुत,अद्वितीय और अनुपम बुद्ध शांति पार्क निर्माण करने की पहल की जाएगी। इसका प्रस्ताव भी आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा जाएगा। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में महासमुंद जिले के सिरपुर में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध स्थल अपनी पूरी ऐतिहासिकता और समृद्ध पुरातत्व विरासत के साथ मौजूद है। उसके पश्चात छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा बौद्ध स्थल बस्तर अंचल के भोंगापाल में है। जहां पर पुरातात्विक, ऐतिहासिक महत्व के बौद्ध कालीन अनेक मूर्तियां और अवशेष क्षेत्र में बिखरे हुए हैं। इसे संरक्षित करने के लिए एवं क्षेत्र को पुरातत्व स्थल घोषित करने के लिए भोंगापाल बुद्ध महोत्सव आयोजन समिति के द्वारा केंद्रीय पुरातत्व विभाग सहित छत्तीसगढ़ शासन व पुरातत्व विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

इस कार्यक्रम में भंते सुरई ससई पूर्व सदस्य राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग भारत सरकार की विशेष उपस्थिति रहेगी। साथ ही भोजराज नाग सांसद बस्तर, किरण सिंह देव विधायक जगदलपुर एवं प्रदेश अध्यक्ष भाजपा, बस्तर क्षेत्र के सांसद,विधायक तथा समाज के प्रमुख जन उपस्थित रहेंगे।