दुर्ग में सनसनी: फोन न उठाने पर प्रेमी ने की बीएड छात्रा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में सनसनी: फोन न उठाने पर प्रेमी ने की बीएड छात्रा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां बीएड की पढ़ाई कर रही एक युवती की उसके ही प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों एक ही कॉलेज में साथ पढ़ते थे और पिछले कुछ समय से उनके बीच प्रेम संबंध था।

जानकारी के मुताबिक, मृतका युनेश्वरी वर्मा मूल रूप से बालोद की रहने वाली थी और दुर्ग के पुलगांव इलाके में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी सुभाष नगर क्षेत्र में रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक साल से दोस्ती और प्रेम संबंध था।

घटना के दिन आरोपी लगातार युवती को फोन कर रहा था, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी उसके कमरे तक पहुंच गया और बातचीत के बहाने उसे अपने कमरे में ले आया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर जानकारी दी कि विवाद के दौरान युवती बेहोश हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।