अंबेडकर जयंती 2026: बस्तर में रैली और कार्यक्रम को लेकर सर्व समाज की बड़ी बैठक

अंबेडकर जयंती 2026: बस्तर में रैली और कार्यक्रम को लेकर सर्व समाज की बड़ी बैठक

जगदलपुर। भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने के लिए बस्तर संभाग के विभिन्न समाजों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को सर्व आदिवासी समाज कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समाज सहित सर्व समाज के प्रमुखों ने भाग लिया और आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पूरे बस्तर जिले में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी ब्लॉक, ग्राम और पंचायत स्तर पर समाज के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे जगदलपुर के लाल बाग स्थित अंबेडकर स्मृति स्थल पर एकत्र होकर नगर में भव्य रैली निकाली जाएगी।

कार्यक्रम के तहत शहर और गांवों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है। साथ ही नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नीले झंडे और फ्लेक्स लगाकर माहौल को अंबेडकरमय बनाने की तैयारी की जा रही है।

मुख्य कार्यक्रम जगदलपुर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जहां बाबा साहब के स्मृति चिन्ह पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से वक्ताओं द्वारा संविधान, डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही समाज को एकजुट रखने और संविधान की रक्षा का संकल्प भी दिलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में दोपहर 2 बजे सामूहिक भोजन की व्यवस्था रखी गई है।

इस बैठक में सर्व आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, सर्व अनुसूचित जाति समाज के जिलाध्यक्ष विक्रम लहरे, ओबीसी महासभा के संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु, बौद्ध समाज अध्यक्ष पी.डी. मेश्राम, आदिवासी समाज जिलाध्यक्ष गंगा राम नाग, ओबीसी महासभा अल्पसंख्यक मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष हरीश पारख सहित नरेंद्र रंगारे और लखपति बोरकर समेत कई समाज प्रमुख उपस्थित रहे।