बैंक फ्रॉडः बैंककर्मियों से सांठगांठ कर होल्ड एकाउंट से पार किए 31 लाख, गैंग के 3 गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की सरसींवा पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक खातों से 31 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर होल्ड खातों से अवैध तरीके से रकम निकाल ली थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायकोना निवासी शिवा साहू, सूर्यकांत साहू और पारसनाथ साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक इनोवा और सेलेरियो कार, मोटरसाइकिल, लैपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल फोन सहित करीब 40 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
यह मामला 25 दिसंबर 2025 का है, जब एचडीएफसी बैंक बिलाईगढ़ और सारंगढ़ के बैंक प्रबंधन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग खातों से 21 लाख और 10.34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सरसींवा थाना पुलिस की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

admin 





