फर्जीवाड़े के आरोपों में नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार सस्पेंड, जांच के दायरे में कई अधिकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गावती कुंजाम (उसारे) को प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में कथित फर्जीवाड़े और गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के चलते चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता और निरीक्षण प्रक्रिया में गड़बड़ियां सामने आने के बाद शासन ने यह सख्त कार्रवाई की है।
निलंबन के बाद दुर्गावती कुंजाम को रायपुर के सीएमएचओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं, पूरे मामले में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच जारी है और आने वाले समय में और कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि स्थानीय मीडिया में नर्सिंग कॉलेजों में गड़बड़ियों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद सरकार ने त्वरित निर्णय लिया। सूत्रों के मुताबिक, निरीक्षण प्रक्रिया और कॉलेजों को क्लीन चिट देने में कई अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके चलते चिकित्सा शिक्षा विभाग और नर्सिंग काउंसिल के अन्य अधिकारी भी जांच के घेरे में हैं।
इधर, यूनियन अध्यक्ष अजय त्रिपाठी ने भी इंस्पेक्शन कमेटी के जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़कर करीब 150 हो गई है। आरोप है कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की मान्यता के बिना ही कई कॉलेजों को रजिस्ट्रार द्वारा लगातार अनुमति दी जा रही थी, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं।

admin 





