जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 15 आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान जब्त
भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के सामने कोसनाला इलाके में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां कई लोग पैसे लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति जुआ फड़ संचालक का पार्टनर भी बताया जा रहा है, जो इस अवैध गतिविधि में सक्रिय रूप से शामिल था। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 14 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से 15 मोबाइल फोन और 5 दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

admin 





