बिलासपुर में बर्ड फ्लू पर नियंत्रण: चिकन-अंडे की बिक्री शुरू, 10 किमी क्षेत्र से पाबंदी हटी; 1 किमी दायरे में सख्ती जारी
बिलासपुर में बर्ड फ्लू पर नियंत्रण: चिकन-अंडे की बिक्री शुरू, 10 किमी क्षेत्र से पाबंदी हटी; 1 किमी दायरे में सख्ती जारी
बिलासपुर। कोनी स्थित पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद लगाए गए प्रतिबंधों में अब राहत दी गई है। संक्रमण की पुष्टि के 17 दिन बाद प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में मानते हुए 10 किलोमीटर के सर्विलांस क्षेत्र से गुरुवार से सभी पाबंदियां हटा दी हैं।
केंद्रीय और राज्य स्तर की संयुक्त टीम ने लगातार तीन दिनों तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने अपनी रिपोर्ट में व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, जिसके आधार पर प्रशासन ने प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया।
25 मार्च को हुई थी पुष्टि, सख्त कदम उठाए गए थे
बर्ड फ्लू की पुष्टि 25 मार्च को हुई थी, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सख्ती बरतते हुए एक किलोमीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया था। इस इलाके में पोल्ट्री गतिविधियों को पूरी तरह बंद कर दिया गया था।
साथ ही चिकन और अंडे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। वहीं 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन बनाकर होटल, ढाबों और बाजारों में भी चिकन-अंडे की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी।
एक किलोमीटर क्षेत्र में अभी भी कड़े प्रतिबंध लागू
हालांकि 10 किलोमीटर क्षेत्र से पाबंदियां हटा ली गई हैं, लेकिन संक्रमण के केंद्र से एक किलोमीटर के दायरे में अब भी सख्त प्रतिबंध लागू रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक निगरानी और नियंत्रण जारी रहेगा।

admin 





