राजधानी में नकली दवाओं के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, सप्लायर और मेडिकल संचालक गिरफ्तार
रायपुर। पुलिस ने नकली दवाओं के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर से दवाओं की सप्लाई करने वाला एक व्यक्ति और सारंगढ़ व भाठापारा में मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले दो लोग शामिल हैं। सोमवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गोगांव स्थित एक ट्रांसपोर्ट में नकली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी गई। जांच में सामने आया कि यह खेप इंदौर से मंगाई गई थी। इसके बाद ड्रग विभाग की टीम ने सारंगढ़ और भाठापारा के कई मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी कर अहम सुराग जुटाए।
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब जनवरी में सारंगढ़ के एक मेडिकल स्टोर संचालक और सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम की रायपुर के एक रेस्टोरेंट में मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में संदिग्ध गतिविधियां और फाइलों को लेकर बातचीत दिखाई देने के बाद नेताम को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में यह पुष्टि हुई कि आरोपी इंदौर से नकली दवाएं मंगाकर स्थानीय मेडिकल स्टोर्स के जरिए बाजार में खपा रहे थे। इस कार्रवाई में पुलिस ने इंदौर निवासी रोचक अग्रवाल, सारंगढ़ के खेमराम बानी और भाठापारा के सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

admin 





