कोल्ड स्टोरेज में मजदूरों के बीच हुआ विवाद, अपने ही साथी को सुलाया मौत की नींद
रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज में एक मजदूर की उसके ही साथी द्वारा हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान महासमुंद निवासी संतोष सोनवानी के रूप में हुई है, जो कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान किसी बात को लेकर उसका साथी रमाकांत तिवारी से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान रमाकांत तिवारी ने संतोष पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके से ही दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रमाकांत तिवारी मध्यप्रदेश के सतना जिले का निवासी है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।

admin 





