9 अप्रैल को रायपुर के दादाबाड़ी धाम में गूंजेगा विश्व नवकार महामंत्र,गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से जुड़ेंगे
रायपुर में JITO करेगा भव्य आयोजन
रायपुर। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) के तत्वावधान में 9 अप्रैल 2026 को विश्व के 120 देशों में एक साथ “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” का ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में JITO रायपुर चैप्टर द्वारा रायपुर के एम. जी. रोड स्थित दादाबाड़ी धाम में प्रातः 7:02 बजे से 9:36 बजे तक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
JITO रायपुर चैप्टर के चेयरमैन तिलोकचंद बरड़िया ने रायपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, अहिंसा, सद्भाव और आत्मिक उन्नति का महायज्ञ है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं, युवक-युवतियों तथा अन्य सभी घटकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में दादाबाड़ी धाम पहुँचकर इस पवित्र सामूहिक जाप में भाग लें।
श्री बरड़िया ने कहा, “नवकार महामंत्र में वह दिव्य शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और सम्पूर्ण विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। 9 अप्रैल को हम सब मिलकर इस दिव्य ध्वनि से पूरे वातावरण को पवित्र करेंगे और मानवता को अहिंसा व शांति का संदेश देंगे।”
इस अवसर पर जैन समाज के 14 प्रमुख घटक—श्रमण-श्रमणी, श्रावक-श्राविका, युवक-युवती, महिला मंडल, सामाजिक संस्थाएं, धार्मिक संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थाएं, ट्रस्ट, व्यापारी वर्ग, प्रोफेशनल्स एवं सेवा संगठन—एकजुट होकर इस महामंत्र जाप में सहभागी होंगे।
विशेष उल्लेखनीय है कि इस वैश्विक आयोजन में भारत के गृह मंत्री अमित शाह जी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे*, जिससे इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष (9 अप्रैल 2025) को JITO द्वारा आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस में 108 देशों के 6,000 से अधिक स्थानों पर लगभग 1 करोड़ 88 लाख लोगों ने एक साथ नवकार मंत्र का जाप किया था। इस वर्ष इसे और भी भव्य एवं व्यापक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
JITO रायपुर चैप्टर के सभी पदाधिकारियों ने रायपुर के समस्त संघों, ट्रस्टों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे 9 अप्रैल 2026, प्रातः 7:00 बजे दादाबाड़ी धाम, एम.जी. रोड, रायपुर पहुँचकर इस ऐतिहासिक और पुनीत आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

admin 





