पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म: मेडिकल जांच में पुष्टि, आक्रोशित लोगों ने उतई थाने का घेराव किया
दुर्ग। जिले में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। डॉक्टरों की जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होते ही गुस्साए लोग उतई थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग करते हुए घेराव कर दिया।
थाने के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं और युवक जुटे रहे। लोगों ने आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना उतई थाना क्षेत्र की है।
स्कूल से लौटने के बाद लापता हुई बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह स्कूल से घर लौटने के बाद अपनी दादी से पैसे लेकर दुकान जाने निकली थी, लेकिन लंबे समय तक वापस नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
झाड़ियों में बोरी के अंदर मिली
खोज के दौरान ग्रामीणों ने कुएं के पास एक खंडहरनुमा मकान के पास झाड़ियों में पड़ी बोरी को हिलते देखा। शक होने पर बोरी खोली गई तो बच्ची अंदर मिली, जिसका मुंह तकिए के कवर से बंधा हुआ था। बच्ची डरी हुई हालत में थी। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय आरोपी ने शराब के नशे में बच्ची को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद बच्ची को बोरी में बांधकर फेंक दिया था।

admin 





