कोरबा में भीषण सड़क हादसा: मेला देखने आए 13 वर्षीय छात्र की मौत

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: मेला देखने आए 13 वर्षीय छात्र की मौत

कोरबा। रामपुर-जोगीपाली मार्ग पर दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत में एक 13 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था और अपने दोस्तों के साथ यहां मेला देखने आया था। यह हादसा तब हुआ जब वह दोस्तों को मेले में छोड़कर अपने नाना के घर लौट रहा था।

पिता की बात नहीं मानी, जिद करके आया था मेला

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नहरपाली निवासी संजय मांझी का 13 वर्षीय इकलौता पुत्र बिरेंद्र कुमार मांझी कक्षा छठवीं का छात्र था। उसने करतला थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीपाली स्थित अपने नाना के घर जाने और वहां से रामपुर मेला देखने की योजना बनाई थी। पिता ने उसे बाइक ले जाने से मना किया, लेकिन वह जिद पर अड़ गया। अंततः वह अपने दोस्त बीरू और सुरेश के साथ बाइक (CG 13 AW 9078) लेकर रामपुर आ गया।

चिराई झोरखी के पास हुआ हादसा

रात करीब 9 बजे बिरेंद्र अपने दोस्तों को मेले में छोड़कर अकेले बाइक से नाना के घर जोगीपाली जा रहा था। जैसे ही वह चिराई झोरखी के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक अन्य बाइक (CG 13 J 5319) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बिरेंद्र को करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

चिंताजनक: नाबालिगों के हाथ में स्टेरिंग बन रही काल

यातायात पुलिस द्वारा लगातार समझाइश देने के बावजूद अभिभावक नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति दे रहे हैं, जिसके परिणाम घातक साबित हो रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले कुछ दिनों के भीतर केवल करतला थाना क्षेत्र में ही सड़क हादसों में तीन नाबालिगों की जान जा चुकी है। तीनों ही मामलों में नाबालिग खुद वाहन चला रहे थे।