आज कहीं गर्मी का सितम, कहीं बारिश से राहत

आज कहीं गर्मी का सितम, कहीं बारिश से राहत

रायपुर में 45 डिग्री वाली गर्मी करेगी हलाकान

रायपुर। प्रदेश में बस्तर को छोडक़र बाकी सभी इलाकों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। लगातार दूसरे दिन रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में और ज्यादा गर्मी पडऩे का पूर्वानुमान जताया है। लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 

जानकारी के अनुसार 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। रविवार को भीषण गर्मी के चलते लोग घरों में रहे। जरूरी काम से निकलने वाले सिर पर कपड़ा बाँधे या छतरी लिए नजर आए। मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है। आज रायपुर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है। इसके चलते प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है। एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। उसके पश्चात अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।