शिवरीनारायण में 27 अप्रैल से 9 दिवसीय श्रीराम कथा: रामभद्राचार्य महाराज के सान्निध्य में सजेगा आध्यात्मिक महाकुंभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण में 27 अप्रैल से 5 मई 2026 तक 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में तुलसी पीठाधीश्वर, पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की दिव्य वाणी में रामकथा का वाचन होगा।
राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित मधुकर खेर स्मृति प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. अशोक हरिवंश और विशाल खंडेलवाल ने बताया कि कथा का आयोजन हरिवंश कृपा “राम मिलेंगे” आश्रम, तेंदुआ धाम (कुरियारी) में किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक कथा का वाचन होगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और इसे क्षेत्रवासियों के लिए एक दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर बताया जा रहा है।
इस आयोजन को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। अलग-अलग दिनों में दिव्यांगजन, रक्तदाता, कुष्ठ रोगी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज में समरसता और जागरूकता का संदेश दिया जा सके।
कार्यक्रम में विष्णुदेव साय, रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 27 और 28 अप्रैल को वासुदेवानंद सरस्वती जी के आगमन की संभावना है, जबकि किन्नर अखाड़ा से कौशल्या नंद गिरी जी 2-3 दिनों तक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने बताया कि वे उसी मंदिर में आ रहे हैं, जिसकी स्थापना उन्होंने स्वयं की है। यह मंदिर प्रदेश का सबसे ऊंचा राम मंदिर बनने जा रहा है, जिसकी ऊंचाई कलश सहित 151 फीट होगी। वर्तमान में इसका निर्माण कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है।
आश्रम परिसर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा का भी प्रमुख स्थल बन चुका है। यहां किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जाती हैं और निर्धन कन्याओं के विवाह जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य श्रीराम कथा का लाभ उठाएं और आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ें।

admin 





