अनन्य रामभक्त श्री हनुमान का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

अनन्य रामभक्त श्री हनुमान का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने नर्मदा कुंड के जीर्णोद्धार का किया भूमिपूजन
हनुमान उत्सव एवं श्री राम कथा कार्यक्रम में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रायपुर के स्टेशन चौक स्थित नर्मदा कुंड राम जानकी मंदिर में आयोजित हनुमान उत्सव एवं राम कथा कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमान का जीवन निष्ठा, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हनुमान बल, बुद्धि और विद्या के प्रतीक हैं और उनका आदर्श जीवन सभी के लिए मार्गदर्शक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नर्मदा कुंड के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर श्रीराम नाम से गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 1 से 5 अप्रैल तक मंदिर परिसर में राम कथा का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या की जन्मभूमि है, जहां उन्होंने वनवास का अधिकांश समय व्यतीत किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराया जा रहा है, जिससे हजारों लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया गया है, जिससे धर्मांतरण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही सुरभि गौधाम योजना के माध्यम से गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से गौधाम स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में रुद्र सेना और रुद्र शक्ति के पोस्टर का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर लक्ष्मी वर्मा, किरण सिंहदेव, पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, वर्णिका शर्मा, मोना सेन, अंजय शुक्ला, सुरेंद्र दास, राम गर्ग, विभा अवस्थी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।