अगले पांच दिनों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी : भीषण गर्मी और तपती धूप से मिलेंगी राहत

अगले पांच दिनों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी : भीषण गर्मी और तपती धूप से मिलेंगी राहत
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी है, हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में मामूली गिरावट और हल्की वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया है ।
बुधवार को प्रदेश में गर्मी का तीखा असर देखने को मिला। राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है  मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है । इसके पश्चात आगामी तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहने का अनुमान है ।
प्रदेश के सभी संभागों में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरना) और तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की चेतावनी दी गई है । इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हो सकती है। राजधानी में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है । शहर में शाम या रात को मेघगर्जन के साथ वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।