कालाहाण्डी में भूकंप के झटके, गरियाबंद की धरती भी कांपी

कालाहाण्डी में भूकंप के झटके, गरियाबंद की धरती भी कांपी
गरियाबंद (चैनल इंडिया)। पड़ोसी राज्य ओडिशा में बुधवार शाम आए भूकंप ने गरियाबंद समेत सीमावर्ती इलाकों में हडक़ंप मचा दिया। भारत सरकार के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई है। इस प्राकृतिक हलचल का केंद्र ओडिशा का कालाहांडी जिला रहा, जिसकी गहराई जमीन से 24 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
देवभोग इलाके में तेज आवाज के साथ हुई भूमि कंपन से लोग सहम गए। रात 7:42 बजे करीब 3 सेकेंड तक कंपन महसूस किया गया। पड़ोसी राज्य ओडिशा में इसका असर ज्यादा रहा। तीव्रता मध्यम होने के बावजूद, ओडिशा की सीमा से लगे गरियाबंद में इसके स्पष्ट झटके महसूस किए गए। देवभोग में देर शाम से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। बारिश के बाद आसमान में बिजली चमक रही थी, लेकिन इसी बीच पूरे इलाके में झटका महसूस किया गया। तीव्रता इतनी थी कि जमीन पर रखी वस्तुओं में कंपन देखा गया। किसी धमाके जैसी आवाज के साथ हुई इस हलचल से इलाके भर के लोग घबरा गए। 
स्थानीय सोशल मीडिया पर संभावित भूगर्भीय घटना की चर्चा भी तेज हो गई। देवभोग के अलावा अमलीदर तहसील क्षेत्र में भी इस कंपन को महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि झटके दोबारा महसूस हों, तो भारी वस्तुओं से दूर रहें और तुरंत सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाएं।