भारतमाला मुआवजा घोटाला: दुर्ग में कारोबारी चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
दुर्ग। भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच तेज करते हुए गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने दुर्ग के चर्चित कारोबारी चतुर्भुज राठी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।
जानकारी के मुताबिक, ईडी के लगभग आधा दर्जन अधिकारी गुरुवार सुबह दुर्ग पहुंचे और महेश कॉलोनी स्थित अमर इंफ्रा ग्रुप के कार्यालय में जांच शुरू की। यह समूह रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में सक्रिय है। बताया जा रहा है कि अमर इंफ्रा ग्रुप के अंतर्गत छह फर्म संचालित होती हैं, जिनका संचालन कारोबारी चतुर्भुज राठी द्वारा किया जाता है।
ईडी की टीम मौके पर मौजूद रहकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके साथ ही डिजिटल साक्ष्यों, कंप्यूटर डेटा और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि भारतमाला परियोजना के मुआवजा वितरण में कथित अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन में इन संस्थाओं की क्या भूमिका रही है।
गौरतलब है कि भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला मामले में ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है और इससे जुड़े कई स्थानों पर पहले भी छापेमारी की जा चुकी है। एजेंसी की यह ताजा कार्रवाई इस बहुचर्चित मामले में अहम मानी जा रही है।

admin 





