मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 मार्च को जशपुर में श्रमिकों के बैंक खातों में 27.15 करोड़ की राशि करेंगे अंतरित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में 28 मार्च को दोपहर 1 बजे जिला मुख्यालय जशपुर के वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा श्रम विभाग की 12 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 79,340 निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिजनों को 27.15 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने जानकारी दी कि विभिन्न योजनाओं के तहत श्रमिकों को सहायता प्रदान की जाएगी। इनमें दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 14.32 लाख रुपए, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 1960 श्रमिकों को 3.92 करोड़ रुपए, निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 297 श्रमिकों को 44.55 लाख रुपए तथा निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 20 हितग्राहियों को 20 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।
इसी प्रकार नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 325 श्रमिकों के बच्चों को 38.88 लाख रुपए, नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 3040 श्रमिकों को 6.08 करोड़ रुपए तथा नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 71,220 बच्चों को 14.53 करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी।
इसके अलावा श्रमिक औजार सहायता योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना, सायकल सहायता योजना, निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना और दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत भी विभिन्न हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

admin 




